CJI Surya Kant School Petwad : भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआइ) सूर्यकांत के बचपन की शिक्षा का साक्षी रहा गांव पेटवाड़ का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अब नई ऊंचाइयों की ओर कदम बढ़ाने रहा है। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम श्री योजना के अंतर्गत इस विद्यालय का चयन किया गया है।
इसके साथ ही विद्यालय आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं से सुसज्जित एक आदर्श शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित होगा। सरकार ने प्रथम चरण में 2.61 लाख रुपये की राशि भी जारी कर दी है, जिससे विद्यालय के विकास कार्यों की शुरुआत होगी।
भारत सरकार के अवर सचिव की ओर से जारी पत्र के अनुसार राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा विद्यालयों को उत्कृष्ट माडल संस्थानों के रूप में विकसित करने के लिए पेटवाड़ के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का चयन पीएम श्री योजना के तहत किया गया है।
इस संबंध में हरियाणा शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। योजना के अंतर्गत विद्यालय में स्मार्ट क्लासरूम, अत्याधुनिक विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाएं, अतिरिक्त कक्ष, बेहतर शौचालय और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा का वातावरण मिल सके।
CJI Surya Kant School दौरे से जगी थी उम्मीद
जनवरी 2026 में मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत जब हिसार प्रवास के दौरान अपने पैतृक गांव पेटवाड़ पहुंचे थे, तब उन्होंने अपने विद्यालय में बिताए छात्र जीवन की यादें साझा की थीं। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद किया और विद्यालय के विकास को लेकर ग्रामीणों व शिक्षको से भी चर्चा की थी। उनके इस दौरे के बाद विद्यालय चर्चा का केंद्र बना और इसके समग्र विकास को लेकर उम्मीदों को नई दिशा मिली। अब पीएम-श्री योजना में चयन ने उन उम्मीदों को साकार करने की राह खोल दी है।
CJI Surya Kant School के पहले चरण में 2.61 लाख रुपये होंगे खर्च
विद्यालय के कायाकल्प की दिशा में सरकार ने पहले चरण में 2.61 लाख रुपये का बजट जारी किया है। इस राशि का उपयोग विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और विकास कार्यों की शुरुआत के लिए किया जाएगा। आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से विद्यालय को आधुनिक संसाधनों से लैस किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी महानगरों जैसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सके।
विद्यालय के लिए गौरव का अवसर
विद्यालय के पीएम-श्री योजना में शामिल होने से न केवल विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध होगी, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए यह गर्व और प्रेरणा का विषय भी बनेगा। यह उपलब्धि दर्शाती है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सामूहिक प्रयास मिलकर ग्रामीण विद्यालयों को भी राष्ट्रीय स्तर की पहचान दिला सकते हैं।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पेटवाड़ के शिक्षक सुनील शर्मा ने बताया कि विद्यालय को पीएम-श्री योजना में शामिल किया गया है। इसके विकास के लिए प्रथम चरण में 2.61 लाख रुपये का बजट प्राप्त हुआ है। वर्तमान में विद्यालय में करीब 153 विद्यार्थी अध्ययनरत है। इस योजना से विद्यार्थियों को आधुनिक और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होगी।

