Jind Crime News Update : विदेश में बैठकर अपराधिक गतिविधियां चलाने वाले गैंगस्टरों के खिलाफ जींद पुलिस ने बड़ी मुहिम शुरू कर दी है। पुलिस ने विदेश में बैठे गैंगस्टरों की संपत्तियों पर बुलडोजर चलाना शुरू कर दिया है। बुधवार को भी जींद पुलिस की टीम ने गांव ऐचरां कलां निवासी रणदीप की अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाकर उसको नष्ट कर दिया है।
पुलिस के अनुसार रणदीप विदेश में बैठकर अपराधिक गतिविधियां चला रहा है और इन अपराधिक गतिविधियों से अर्जित की गई संपत्ति को पुलिस ने ध्वस्त करना शुरू कर दिया है।
सफीदों सदर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव ऐचरां कलां निवासी रणदीप पिछले कई वर्षों से अमेरिका में रह रहा है। उसके खिलाफ जींद व अन्य जिलों में गैंग संचालन से जुड़े विभिन्न मामलों में जांच एवं कानूनी कार्रवाई चल रही है।
जांच के दौरान सामने आया कि गांव ऐंचरा कलां में 31 मई 2023 को उसकी माता के नाम खरीदी गई संपत्ति कथित रूप से आपराधिक गतिविधियों से अर्जित धन से खरीदी गई थी। सक्षम प्राधिकारी द्वारा जांच उपरांत सरकार के निर्देशानुसार उक्त संपत्ति को ध्वस्त करने की कार्रवाई अमल में लाई गई।
कार्रवाई के लिए ड्यूटी ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर कानूनगो संजय कुमार प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी के साथ मौजूद रहे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए तथा पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।
पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने कहा कि जिला पुलिस द्वारा संगठित अपराध, गैंगस्टर नेटवर्क, नशा तस्करी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध पूरी दृढ़ता और प्रतिबद्धता के साथ कार्रवाई कर रही है। कानून से ऊपर कोई नहीं है। अपराध से अर्जित संपत्ति को किसी भी स्थिति में संरक्षण नहीं दिया जाएगा तथा अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

इससे पहले भी पुलिस चला चुकी है बुलडोजर
सदर थाना सफीदों में 12 दिसंबर 2024 को दर्ज एक मामले में एसटीएफ द्वारा इस नेटवर्क से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। आरोपियों पर फिरौती मांगने, गैंग संचालन तथा अन्य गंभीर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप हैं।
थाना सदर सफीदों प्रभारी राजेश शर्मा ने बताया कि रणदीप मलिक का नाम विभिन्न गंभीर आपराधिक मामलों में सामने आया है। उसके विरुद्ध दर्ज मामलों की जांच एवं कानूनी कार्रवाई नियमानुसार जारी है। उन्होंने कहा कि जींद पुलिस संगठित अपराध, गैंगस्टर गतिविधियों, फिरौती तथा अपराध से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध पूरी दृढ़ता के साथ कार्रवाई कर रही है।

