मौसम डेस्क न्यू सीरिज न्यूज, दिल्ली : Weather News: 9 दिन के बाद मानसून को लेकर मध्य प्रदेश और गुजरात से राहत भरी खबर आई है। क्योंकि यहां पर देरी से ही सही, मानसून ने दस्तक दे दी है। 24 जून को मध्य प्रदेश और गुजरात में मानसून पहुंचने के साथ ही अब हरियाणा में भी 25 जून को बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल पंजाब के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से हरियाणा में 25 से 28 जून तक बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान उत्तर हरियाणा के जिलो पंचकुला, यमुनानगर, अंबाला, कैथल, कुरुक्षेत्र, जींद और करनाल मौसम में बदलाव देखा जाएगा। इन क्षेत्रों में 50 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से आंधी चल सकती है। इसके साथ ही बारिश की भी संभावना है।
Weather News: मध्य प्रदेश में 9 दिन की देरी से पहुंचा मानसून
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मध्य प्रदेश में 24 जून को मानसून की एंट्री हो गई है। हालांकि इसके लिए 9 दिन का इंतजार करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार डिंडौरी, अनूपपुर, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, बैतूल, हरदा, खंडवा, पांढुर्णा, रखगौन और बुरहानपुर में मानसून की सक्रियता दिख रही है। हालांकि यहां पर 15 जून तक मानसून पहुंचने का समय रहता है, लेकिन इस बार इंतजार करना पड़ा।
4 दिन में पूरा मध्य प्रदेश होगा करवर
मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री के साथ ही अगले 4 दिनों में पूरे राज्य में मानसून की बारिश होने की संभावना है। मध्य प्रदेश और गुजरात में मानसून आने के साथ ही 22 राज्यों में पहुंच हो गई है। उम्मीद है कि अब बाकी बचे राज्यों में 5 जुलाई तक मानसून आ सकता है।
मुंबई में भी हुई देरी से एंट्री
मानसून मध्य प्रदेश ही नहीं, इस बार मुंबई में भी देरी से पहुंचा है। मंगलवार यानी 23 मई को मुंबई में मानसून की बारिश हुई। इस बार मुंबई में मानसून 13 दिन की देरी से पहुंचा है। इसके कारण मुंबई में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई।
इन राज्यों में हो रही प्री-मानसून
जहां एक ओर मध्य प्रदेश तक मानसून पहुंच गया है, वहीं अभी भी देश के कई राज्य मानसून की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इसमें उत्तर भारत के राज्य राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश शामिल हैं। हालांकि यहां पर प्री-मानसून की बारिश हो रही है। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण पश्चिम मानसून बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और झारखंड में पहुंच चुका है। अब उत्तर प्रदेश तक पहुंचने में 2 से 3 दिन का समय लग सकता है।
उत्तर भारत में नहीं मिल रही गर्मी से राहत
मानसून की सक्रियता धीमी होने के कारण उत्तर भारत में गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। इसमें राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान के साथ मध्य प्रदेश और गुजारत के कई क्षेत्र शामिल हैं। कई शहरों में अभी भी तापमान 40 डिग्री से अधिक चल रहा है।
यह भी पढ़ें : किसानों को मिलेगा अब ब्याज फ्री लोन, सरकार ने शुरू की नई नो-ब्याज स्कीम
उत्तर पूर्व में 25 जून को बारिश की संभावना
वहीं मौसम विभाग ने उत्तर पूर्व के राज्यों में 25 जून को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके लिए विभाग की ओर से ऑरेंज अर्लट दिया गया है। इस दौरान उत्तर पूर्व के राज्य असम, मेघालय के साथ अरुणाचल प्रदेश भारी बारिश हो सकती है।
हरियाणा में धान की रोपाई का इंतजार कर रहे किसान
मानसून का असर हरियाणा में धान की रोपाई पर भी पड़ रहा है। हालांकि इस बार किसानों ने धान की सीधी बिजाई में काफी रूचि दिखाई है, लेकिन बड़ा क्षेत्र धान की पौध तैयार कर रोपाई करता है। ऐसे में करनाल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, कैथल, पानीपत जैसे क्षेत्रों में धान की रोपाई का काम कुछ पहले होता है। इस बार बारिश यूं तो औसत से अधिक हुई है, लेकिन मानसून की बारिश के बिना किसान धान की रोपाई शुरू करने से बचते हैं।

