न्यू सीरिज न्यूज नेटवर्क (ACB Raid Haryana)। हरियाणा में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने दो जिलों में रेड कर महिला पुलिस एएसआई तथा तहसील कार्यालय के क्लर्क को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एक महिला बिचौलिया को भी काबू किया गया है। एक ही दिन में दो जगह बड़ी कार्रवाई से सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है।
पहले मामले में कार्रवाई सोनीपत में हुई। ACB को दी शिकायत में सोनीपत के विमल किशोर ने बताया कि उसके पूर्वज पाकिस्तान से आकर सोनीपत में बस गए थे। इसलिए जमीन की खरीद फरोख्त करते समय उन्हें क्लीयरेंस सर्टिफिकेट की जरूरत पड़ती है। क्लीयरेंस सर्टिफिकेट के लिए वह तहसील कार्यालय के चक्कर लगा रहा था लेकिन सेल्स ब्रांच का कस्टोडियन क्लर्क रिश्वत की मांग कर रहा था। शुरूआत में उसने 50 हजार रुपए की मांग की लेकिन बाद में 30 हजार रुपए में बात तय हो गई। उसने एंटी करप्शन ब्यूरो को इसकी शिकायत दी।
ACB Raid Sonipat : तहसील के 11 नंबर कमरे में रिश्वत के साथ पकड़ा क्लर्क
एसीबी ने शिकायत को क्रॉस चेक करने के बाद जाल बिछाया और शिकायतकर्ता विमल किशोर को रिश्वत के रुपयों पर पाउडर लगाकर दे दिया। जैसे ही विमल किशोर ने तहसील कार्यालय के नजदीक 11 नंबर कमरे में रिश्वत की राशि क्लर्क को सौंपी तो उसने इशारा कर दिया और एसीबी की टीम ने उसे दबोच लिया। क्लर्क के हाथ धुलवाए गए तो हाथों का रंग लाल हो गया। आरोपी को एंटी करप्शन ब्यूरो थाना ले जाया गया और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी।
ACB Raid Fatehabad : थाने में ही 35 हजार रिश्वत के साथ पकड़ी ASI
दूसरे मामले में फतेहाबाद जिले के भट्टू पुलिस थाना की महिला एएसआई को रिश्वत लेते काबू किया गया है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले फर्जी पास पर यात्रा करते हुए राहुल नाम का युवक पकड़ा गया था और उसे गिरफ्तार किया गया था। इस मामले को रफा-दफा करने की एवज में महिला पुलिस ASI तलविंद्र कौर पीड़ित से 72 हजार रुपए की रिश्वत की मांग कर रही थी।
ASI तलविंद्र कौर ने अपनी बिचौलिया कस्तूरी को पीड़ित के घर पर भी भेजा और रिश्वत नहीं देने पर राहुल को लंबे समय तक जेल में ठूंसने की धमकी दी। पीड़ित परिवार ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो को दी तो पकड़ने के लिए जींद एसीबी की टीम का गठन किया गया। जींद से एसीबी की टीम ने भट्टू पहुंच कर शिकायतकर्ता को रिश्वत के रुपए थमाए और भेज दिया।
जैसे ही ASI ने पाउडर लगे नोट पकड़े, तभी टीम ने छापा मार दिया और उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसके हाथ धुलवाए गए तो हाथों का रंग लाल हो गया। पूछताछ के बाद बिचौलिया कस्तूरी देवी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
फतेहाबाद में पुलिस महकमे में दो दिन में दो रिश्वतखोर कर्मचारी पकड़े जा चुके हैं। एक दिन पहले ही टोहाना में SI महेंद्र सिंह को 35 हजार रुपए रिश्वत लेते पकड़ा गया था तो आज महिला पुलिस ASI को गिरफ्तार किया गया है। पिछले एक सप्ताह में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने 5 सरकारी कर्मचारियों को रिश्वत लेते पकड़ा है।

