Amarnath Yatra 2026 Oxygen booths and hospital facilities to be set up.Amarnath Yatra 2026 Oxygen booths and hospital facilities to be set up.

न्यू सीरिज न्यूज, श्रीनगर : पवित्र अमरनाथ यात्रा शुक्रवार से विधिवत शुरू हो गई है। अगले 57 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा में श्रद्धालु 3,888 मीटर की ऊंचाई पर स्थित प्राकृतिक हिम शिवलिंग के दर्शन करेंगे। यात्रा का समापन 28 अगस्त को होगा। पहले जत्थे को जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रवाना किया। पहले जत्थे में 4,822 श्रद्धालु शामिल हैं, जिन्हें 259 वाहनों के काफिले में कड़ी सुरक्षा के बीच रवाना किया गया।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को देखते हुए प्रशासन ने दोनों यात्रा मार्गों पर व्यापक चिकित्सा प्रबंध किए हैं। बालटाल और पहलगाम मार्ग पर प्रत्येक दो किलोमीटर की दूरी पर मेडिकल सहायता केंद्र और ऑक्सीजन बूथ स्थापित किए गए हैं। दोनों मार्गों पर 100-100 बेड के अस्थायी अस्पताल भी बनाए गए हैं, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम 24 घंटे तैनात रहेगी।

दोनों रूट पर एक हजार डॉक्टर तैनात

यात्रा के दौरान दोनों मार्गों पर करीब एक हजार डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। बालटाल मार्ग पर डोमेल गेट के पास मेडिकल एंड एड सेंटर, बरारी में मेडिकल सेंटर और ऑक्सीजन सुविधा उपलब्ध रहेगी। संगम टॉप पर भी आपातकालीन चिकित्सा केंद्र बनाया गया है।

Amarnath Yatra 2026 Oxygen booths and hospital facilities to be set up.
Amarnath Yatra 2026 Oxygen booths and hospital facilities to be set up.

पहलगाम मार्ग पर भी मजबूत इंतजाम

पहलगाम यात्रा मार्ग पर चंदनवाड़ी में 100 बेड का मुख्य अस्पताल बनाया गया है। यात्री यहां प्राथमिक जांच कराने के बाद आगे की यात्रा कर सकेंगे। पिस्सू टॉप पर मेडिकल एड सेंटर स्थापित किया गया है, जबकि शेषनाग कैंप में रात्रि विश्राम के लिए अस्पताल की व्यवस्था की गई है।

बालटाल बेस कैंप में 57 लंगर लगाए गए हैं। यहां करीब 800 बेड की व्यवस्था की गई है, जबकि लगभग तीन हजार लोगों के लिए विशाल टेंट तैयार किए गए हैं। प्रशासन के अनुसार, एक समय में करीब 30 हजार श्रद्धालु बेस कैंप में ठहर सकेंगे। कैंप तक पहुंचने के लिए 12 फुट चौड़ा नया मार्ग बनाया गया है और यात्रियों की सुविधा के लिए बड़े शेल्टर भी तैयार किए गए हैं।

यह खबर भी पढ़ें : दिल्ली-अजमेर-मुंबई पोर्ट से सीधे जुड़ेगा हरियाणा, लॉजिस्टिक हब को मिली नई रफ्तार

मौसम पर रहेगी नजर

मौसम विभाग के अनुसार 6 जुलाई तक कई स्थानों पर तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। खराब मौसम की स्थिति में यात्रा को अस्थायी रूप से रोका भी जा सकता है। श्रद्धालुओं को मौसम की ताजा जानकारी लगातार उपलब्ध कराई जाएगी।

बालटाल और पहलगाम दोनों बेस कैंपों पर बायोमेट्रिक काउंटर स्थापित किए गए हैं। जिन श्रद्धालुओं ने अभी तक यात्रा के लिए पंजीकरण नहीं कराया है, वे अपनी पहचान संबंधी दस्तावेज दिखाकर मौके पर अस्थायी परमिट (पोस्टपेड सिम सहित निर्धारित सुविधाएं) प्राप्त कर सकते हैं।

By Pardeep kaushik

प्रदीप कौशिक सीनियर पत्रकार हैं। इन्हें पंजाब केसरी, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, दैनिक भास्कर डिजिटल न्यूज पेपर में काम करने का 10 साल का अनुभव है। हरियाणा की खबरों विशेषकर मौसम, रोडवेज, हेल्थ, रेलवे की खबरों पर प्रदीप कौशिक की मजबूत पकड़ है। सभी खबरें तथ्यों पर आधारित होती हैं।