Jind News: Administration helpless against illegal encroachment on village pondJind News: Administration helpless against illegal encroachment on village pond

न्यू सीरिज न्यूज नेटवर्क। हरियाणा के जींद जिले के गांवों में पहले (Jind news) जहां तालाब का पानी घरेलू कार्यों में भी प्रयोग किया जाता था। अब आधे से ज्यादा तालाबों का पानी दूषित हो चुका है, जोकि पशुओं के भी पीने लायक नहीं रह गया है। गांवों की निकासी का गंदा पानी इन तालाबों में जा रहा है। वहीं तालाबों पर अवैध कब्जे भी हो चुके हैं। कई गांवों में तो लोगों ने तालाबों की जमीन पर मकान बनाए हुए हैं।

तालाबों से अवैध कब्जों को हटवाने में प्रशासन व ग्राम पंचायतें नाकाम हो रही हैं। जिले में 1240 तालाब हैं। इनमें से करीब 600 तालाब गंदे पानी से भरे हुए है। वहीं 303 तालाबों पर अतिक्रमण है। नरवाना के भाणा ब्राह्माण गांव में तालाब पर बने मकानों को तुड़वाने का मामला हाईकोर्ट में भी चल रहा है। तीन-चार माह पहले यहां प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कुछ मकान तोड़े भी थे, जिसको लेकर काफी हंगामा भी हुआ था।

Jind News: Administration helpless against illegal encroachment on village pond
Jind News: Administration helpless against illegal encroachment on village pond

Jind news : उचाना के पेगां में चार तालाबों पर पक्के कब्जे

उचाना विधानसभा क्षेत्र के गांव पेगां में भी चार तालाबों पर लोगों ने पक्के कब्जे किए हुए हैं और मकान बने हुए हैं। ग्राम पंचायत के नोटिस देने के बावजूद लोग कब्जे नहीं छोड़ रहे हैं। इसी तरह अमृत सरोवर योजना के तहत गंदगी से अटे तालाबों की खोदाई करके चारों तरफ मिट्टी डालकर पगडंडी बनाई गई थी। उस जमीन पर भी लोग कब्जा कर रहे हैं। जबकि अमृत सरोवर योजना के तहत काम पूरा होने के बाद संबंधित तालाबों का रखरखाव ग्राम पंचायतों को करना था। लेकिन अधिकतर ग्राम पंचायतें रखरखाव नहीं कर पा रही हैं।

Jind news : अमृत सरोवर योजना में 215 तालाबों का हुआ था चयन

अमृत सरोवर योजना के तहत जींद जिले में 215 तालाबों को शामिल करते हुए 216 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया था। लेकिन इनमें से 55 तालाबों पर तो काम ही शुरू नहीं हो पाया। 160 तालाबों की गाद निकाल कर सफाई की गई और पगडंडी बनाई गई। जिनमें से 60 तालाबों पर ट्रैक व घाट भी बनाए गए। स्वीकृत 216 करोड़ में से 67 करोड़ रुपये का ही बजट सरकार से मिल पाया। अब तालाबों के काम मनरेगा के तहत ही करवाए जा रहे हैं।

पेगां गांव की निवर्तमान सरपंच रतनी देवी का कहना है कि उनके गांव में बोझावाला तालाब, रामवाला तालाब, किराड़वाला तालाब, दादा खेड़ा क्षेत्रपाल तालाब पर पक्के कब्जे हैं। लोगों ने मकान भी बनाए हुए हैं। उनके कार्यकाल में कब्जे हटाने के लिए नोटिस दिए गए थे। नोटिस देने के बावजूद लोगों ने कब्जे नहीं हटाए। वहीं कार्यवाहक सरपंच कविता ने कहा कि अभी उसे चार्ज नहीं मिला है। चार्ज मिलने के बाद इस मामले को देखेंगे।

Jind news : अमृत सरोवर योजना में 160 तालाबों पर हुआ काम

पंचायती राज विभाग एक्सईएन पोशन कन्यान ने बताया कि अमृत सरोवर योजना के तहत जिले में 160 तालाबों पर काम हुआ है। इन तालाबों की गाद निकाली गई और पगडंडी बनाई गई। वहीं इनमें से 60 तालाबों पर ट्रैक व घाट भी बनाए गए हैं। अब मनरेगा के तहत ही तालाबों की खोदाई के काम करवाए जा रहे हैं।

By Pardeep kaushik

प्रदीप कौशिक सीनियर पत्रकार हैं। इन्हें पंजाब केसरी, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, दैनिक भास्कर डिजिटल न्यूज पेपर में काम करने का 10 साल का अनुभव है। हरियाणा की खबरों विशेषकर मौसम, रोडवेज, हेल्थ, रेलवे की खबरों पर प्रदीप कौशिक की मजबूत पकड़ है। सभी खबरें तथ्यों पर आधारित होती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *