न्यू सीरिज न्यूज नेटवर्क। हरियाणा के जींद, उचाना, सफीदों समेत पांच शहरों (Haryana news) में कूड़ा निस्तारण पर अगले दो साल में 3 करोड़ 96 लाख रुपए खर्च करने का प्लान है। इसे लेकर हाई टैक सिक्योरिटी कंपनी को टेंडर अलॉट हो गया है और जल्द ही इस पर काम शुरू हो जाएगा। पांचों शहरों का कूड़ा एक जगह पुराने हांसी रोड पर ही एकत्रित किया जाएगा।
जींद जिले की बात करें तो यहां नगर परिषद ने एजेंसी को वर्क अलाट कर दिया है। जल्द ही एजेंसी काम शुरू कर देगी। कूड़ा निस्तारण (Waste Disposal) के लिए जींद क्लस्टर बनाया गया है। पुराने हांसी रोड पर नगर परिषद की करीब 13 एकड़ जमीन है। जहां जींद व नरवाना नगर परिषद, उचाना, सफीदों व जुलाना नगरपालिका क्षेत्र का कूड़ा लाकर निस्तारण किया जाएगा। पांचों शहरों से प्रतिदिन करीब 150 टन कूड़ा निकलता है।
Haryana news : एक साल से शहर में कूड़ा निस्तारण का काम बंद
करीब एक साल से शहर में कूड़ा निस्तारण का काम बंद है। पुराने हांसी रोड स्थित साइट पर कूड़े का पहाड़नुमा ढेर बन चुका है। जुलाना, उचाना व सफीदों नगरपालिका के पास कूड़ा डालने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। जिसके कारण निस्तारण नहीं हो पाता। कूड़े के ढेरों से आसपास की आबादी में भी बदबू आती है। एनजीटी की गाइडलाइन के अनुसार शहर से निकलने वाले कूड़े का साथ ही साथ निस्तारण करना अनिवार्य है।

इसलिए पांचों शहरों के कूड़े को एक ही स्थान पर लाकर निस्तारण की योजना बनाई गई। एक जगह पर निस्तारण करना आसान भी होगा और लागत भी कम आएगी। पहले जींद शहर के कूड़े के निस्तारण के लिए नगर परिषद ने श्री श्याम एसोसिएट को टेंडर दिया हुआ था। जिसका पिछले साल जून में टेंडर खत्म हो गया था।
Haryana news : पहले 10 साल के लिए ठेका देने की थी योजना
निकाय विभाग की तरफ से पहले 10 साल के लिए कूड़ा निस्तारण का टेंडर लगाया था। लेकिन बाद में प्रदेश सरकार ने हिसार में मेगा वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट ((Waste-to-Energy plant) स्थापित करने का फैसला लिया। इस प्लांट में हिसार के अलावा जींद, फतेहाबाद, हांसी और भिवानी जिले का भी कूड़ा जाएगा। इसलिए जींद क्लस्टर में कूड़ा निस्तारण (Waste Disposal) का 10 साल की बजाय दो साल के लिए ठेका दिया गया। तब तक हिसार में प्लांट तैयार हो जाएगा। उसके बाद जींद जिले के शहरों का कूड़ा वहां भेजा जाएगा।
Haryana news : जल्द काम शुरू किया जाएगा
हाईटेक सिक्योरिटी एजेंसी संचालक सुनील रेढू ने बताया कि नगर परिषद की तरफ से वर्क आर्डर मिल चुका है। कूड़ा निस्तारण के लिए संबंधित जरूरी तैयारियां की जा रही हैं। जल्द ही एजेंसी काम शुरू कर देगी। पांचों शहरों का कूड़े का जींद क्लस्टर में लाकर निस्तारण किया जाएगा।
नगर परिषद अभियंता अमित श्योकंद ने बताया कि एजेंसी को वर्क अलाट कर दिया गया है और साइट पर टर्मिनल मशीन लगाने के लिए एजेंसी को 90 दिन का समय दिया गया है। साइट पर पहले से जो कूड़ा पड़ा हुआ है, उसका निस्तारण भी ये एजेंसी करेगी। इसको टेंडर में शामिल किया गया है।

Haryana news : फिलहाल जींद में ये हैं हालात
जींद में ठोस कूड़ा प्रबंधन के लिए कोई खास इंतजाम फिलहाल नजर नहीं आ रहे। पुराने बस स्टैंड, सफीदों गेट, गोहाना रोड पर लघु सचिवालय के पास, पटियाला चौक, भिवानी रोड समेत कई जगह कूड़े के ढेर नजर आते हैं। नगर परिषद द्वारा कई-कई दिन में कूड़ा उठाया जाता है।
सामाजिक कार्यकर्ता हितेश हिंदुस्तानी, दिलबाग संडील का कहना है कि शहर में कूड़े के निस्तारण के बेहतर इंतजाम किए जाएं। शहर के विभिन्न क्षेत्रों, मुख्य सड़कों, बाजारों और कई रिहायशी कॉलोनियों में कचरे के ढेर देखे जा सकते हैं। कई कई दिनों तक कूड़ा कचरा नहीं उठाए जाने के कारण लोगों को दुर्गंध और गंदगी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। शहरवासियों की मांग है कि जल्द से जल्द कूड़ा निस्तारण का काम शुरू करवाकर गंदगी से निजात दिलवाई जाए।
यह खबर भी पढ़ें : जींद जिले में 5 विधानसभा, 305 गांव, 1043768 वोटर, कौन से दस्तावेज जरूरी, देखें A to Z जानकारी

