न्यू सीरिज न्यूज, करनाल :
Gharaunda Toll Plaza : राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल संग्रहण को और अधिक आसान बनाने की प्रक्रिया के तहत हरियाणा में दिल्ली-अमृतसर राजमार्ग यानी जीटी रोड पर महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। घरौंड़ा टोल से निकलने वाले वाहनों को अब टोल भुगतान के लिए वाहन की गति कम करने की जरूरत नहीं है। क्योंकि यहां पर मल्टी-लेन फ्री फ्लो (एमएलएफएफ) टोलिंग सिस्टम को शुरू कर दिया है
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा घरौंडा टोल पर अत्याधुनिक व्यवस्था लागू की गई है। इससे लोगों को निर्बाध यात्रा का लभ मिलेगा। यह व्यवस्था फिलहाल पानीपत-जालंधर खंड पर घरौंडा टोल प्लाजा पर शुरू हुई है। इस टोल से प्रतिदिन हजारों वाहन निकलते हैं। ऐसे में यह लोगों के लिए बहुत बड़ा बदलाव साबित होगा।
Gharaunda Toll Plaza : उच्च तकनीक का प्रयोग, हाई लेवल सेंसर करेंगे काम
इस तकनीक के प्रयोग से वाहन चालकों का काफी समय बचेगा। क्योंकि मल्टी-लेन फ्री फ्लो प्रणाली से टाेल भुगतान के लिए वाहनों को रुकने या धीमा करने की जरूरत नहीं रहेगी। सामान्य गति से चलते हुए वाहन टोल से निकल सकेंगे और टोल भुगतान भी हो जाएगा।
इसके लिए बहुत ही उन्नत इलेक्ट्रॉनिक टोल संग्रह (ईटीसी) तकनीक का प्रयोग किया जाता है। साथ ही ओवरहेड गैंट्री पर हाई लेवल के सेंसर और कैमरे लगे रहते हैं, जो स्वचालित रूप से वाहनों की पहचान करते हुए फास्टैग से टोल का संग्रहण करते हैं।
वाहन चालकों को नहीं करना होगा इंतजार
फिलहाल जो व्यवस्था चल रही थी, इसके तहत जब भी वाहन टोल बेरियर से निकलता था, उसको टोल बूथ के पास जाकर कुछ सैकेंड के लिए रोकना पड़ता था। इसके बाद कैमरा फास्टैग को स्कैन कर भुगतान करता और इसके बाद वाहन आगे बढ़ता था। लेकिन नई व्यवस्था में इंतजार शून्य हो जाएगा।
कम होगी भीड़, मिलेगी राहत
यह सुविधा सिर्फ वाहन चालकों को ही नहीं, स्थानीय प्रशासन और टोल संग्रहण करने वाली कंपनी को भी राहत देगी। क्योंकि अब टोल बेरियर पर अनावश्यक रूप से भीड़ नहीं लगेगी। ऐसे में वाहनों को नहीं रोकना पड़ेगा तो समय के साथ-साथ ईंधन की भी बचत होगी।
मल्टी लेन फ्री फ्लो टोलिंग प्रणाली की विशेषताएं
दरअसल यह प्रणाली गैंट्री आधारित टोल संग्रह सुविधा है। इसमें राजमार्ग के आरपार पुल की तरह एक ओवरहेड यानी गैन्ट्री स्थापित होता है। इसके माध्यम से वाहन से शुल्क स्वचालित रूप से एकत्र होता रहता है। क्योंकि यह ऐसी तकनीक है, जिसमें करीब 6.0 मीटर की न्यूनतम ऊंचाई होती है और वाहनों को आसानी से निकाला जा सकता है।
यातायात नियमों का भी होगा पालन
दरअसल इस नई व्यवस्था से जहां टोल भुगतान करना आसान हो जाएगा, वहीं सुचारू यात्रा और परिचालन दक्षता के लिए भी काम होगा। क्योंकि मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोलिंग ज़ोन के दोनों तरफ 200 मीटर के दायरे में पार्किंग, अतिक्रमण और अनधिकृत ठहराव को रोका जाएगा।
इसके लिए सख्त उपाय लागू किए गए हैं। इसके तहत रूट पेट्रोल वाहन के साथ, गलत दिशा में गाड़ी चलाना, नंबर प्लेट से छेड़छाड़ और टोल चोरी जैसे उल्लंघनों को रोकने के लिए भी व्यवस्था होगी।
यह भी पढ़ें : हरियाणा PPP में बड़ा बदलाव : गलत फैमिली आईडी में जुड़े सदस्यों के लिए नया प्रावधान लागू
टोल भुगतान नहीं हुआ तो पड़ेगा भारी
दरअसल यह व्यवस्था करने के बाद कुछ लोग सोच रहे हैं कि वे बिना टोल दिए ही वाहन निकला सकते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। इसके तहत राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करने का पूरा प्रबंध किया गया है। इसके लिए लिए ई-नोटिस तंत्र शुरू किया है। यानी यदि किसी वाहन का टोल फास्टैग के माध्यम से नहीं होता है तो इसको लेकर प्रावधान किए गए हैं।
यह तंत्र अपर्याप्त राशि, निष्क्रिय टैग या टैग से संबंधित समस्याओं के मामलों में काम करेगा। इसके लिए वाहन चालक www.nhfeenotice.parivahan.gov.in पर जानकारी देख सकते हैं। यहां पर अपने वाहन का पंजीकरण नंबर दर्ज कर भुगतान की स्थिति का पता किया जा सकता है। इसके अलावा राजमार्गयात्रा मोबाइल ऐप भी इसमें सहायक है।
लापरवाही की तो लगेंगे अधिक पैसे
इसके तहत की गई व्यवस्था में यदि वाहन मालिक 72 घंटों के भीतर भुगतान करता तो सामान्य लागू टोल दर के हिसाब से ही पैसे कटेंगे, लेकिन भुगतान 72 घंटे के बाद होने पर दोगुना टोल देना होगा। हालांकि उपयोगकर्ता को गलती से नोटिस मिलने पर 72 घंटों के भीतर एनआईसी पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज करवानी होगी।
परेशानी से बचने के लिए करें यह उपाय
इस प्रकार की परेशानी से बचने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा यूजर्स को सलाह दी गई है कि अपने वाहन को चालू रखें और फास्टैग खातों में पर्याप्त राशि हो। साथ ही फास्टैग वाहन के सामने वाले शीशे यानी विंडशील्ड पर सही प्रकार से लगा होना चाहिए। साथ ही वाहन की नंबर प्लेट भी निर्धारित मानकों के तहत होनी चाहिए।
इससे पहले अन्य टोल प्लाजा पर भी शुरू हो चुकी है सुविधा
इससे पहले भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा गुजरात के चोर्यासी, दिल्ली के मुंडका और राजस्थान के दौलतपुरा टोल प्लाजा पर मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोलिंग की सुविधा लागू हो चुकी है। अब इसको हरियाणा के घरौंडा टोल प्लाजा पर लागू किया गया है।

