न्यू सीरिज न्यूज नेटवर्क (Haryana News) : हरियाणा के जींद जिला मुख्यालय पर स्थित सिविल अस्पताल में मरीजों और उनके तीमारदारों को सुविधाएं देने के लिए अमृत फार्मेसी व वीटा पार्लर खोला जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने जगह चिन्हित करके कांट्रेक्टर को बता दिया है। अब कांट्रेक्टर जल्द ही यहां पर निर्माण कार्य शुरू करेगा।
स्वास्थ्य विभाग को केवल जगह उपलब्ध करवाने के लिए स्वास्थ्य सेवाएं महानिदेशक की तरफ से कहा गया था। अब यहां पर निर्माण कार्य व स्टोर चलाना उनका काम है, जिन्होंने इसके लिए कांट्रेक्ट लिया हुआ है। मंगलवार को प्रधान चिकित्सा अधिकारी डा. रघुबीर पूनिया व वरिष्ठ दंतक सर्जन डा. दिनेश गुप्ता ने कांट्रेक्टर को जगह दिखाई। अस्पताल की नई बिल्डिंग की तरफ जाने वाले मुख्य रास्ते पर जगह का चयन किया गया है।
Haryana news : सभी जिला मुख्यालयों पर खुलेंगी अमृत फार्मेसी
हरियाणा सरकार ने स्वस्थ हरियाणा अभियान के तहत प्रत्येक जिले के नागरिक अस्पतालों में अमृत फार्मेसी के नाम से मेडिकल स्टोर खोलने की योजना बनाई है। इन मेडिकल स्टोर पर सभी प्रकार की ब्रांडेड दवाइयां बाजार से सस्ती मिलेंगी।

कई बार अस्पताल में दवाइयां उपलब्ध नहीं होती। ऐसे में मरीजों को बाजार से दवाइयां खरीदनी पड़ती है। अब सरकार ने इन दवाइयों की सुविधा अस्पताल में ही उपलब्ध करवाने के लिए अमृत फार्मेसी के नाम से मेडिकल स्टोर खोलने की योजना बनाई है। इस स्टोर पर बाजार से सस्ते दामों पर दवाइयां मिलेंगी।
Haryana news : वीटा पार्लर पर मिलेंगे हर प्रकार के उत्पाद
नागरिक अस्पताल में अमृत फार्मेसी के साथ ही वीटा पार्लर खोला जाएगा। इसमें वीटा के हर प्रकार के उत्पाद 24 घंटे मिलेंगे। वीटा दूध, घी, लस्सी, दही समेत हर प्रकार के वीटा उत्पाद यहां उपलब्ध होंगे। इसके अलावा यहां पर काफी की सुविधा भी मिलेगी।
नागरिक अस्पताल में आने वाले मरीजों व उनके तीमारदारों के लिए यह बहुत बड़ी सुविधा होगी। इस समय इन लोगों को अस्पताल के बाहर यह सामान लेने के लिए जाना पड़ता है। रात को दुकानें बंद होने के बाद भी मरीजों व उनके तीमारदारों को परेशानी होती है। वीटा पार्लर बार 24 घंटे खुला रहेगा।
पीएमओ डॉ. रघुबीर पूनिया ने बताया कि सिविल अस्पताल में वीटा पार्लर व अमृत फार्मेसी खुलेगी। इसके लिए जगह निर्माण करने वाले ठेकेदार को दिखा दी है। नागरिक अस्पताल की नई बिल्डिंग के मुख्य रास्ते पर ही यह जगह है। अमृत फार्मेसी व वीटा पार्लर खुलने से मरीजों व उनके तीमारदारों को काफी सुविधा रहेगी।

