न्यू सीरिज न्यूज
Haryana News : हरियाणा प्रदेश में नायब सिंह सैनी (Haryana CM) सरकार ने कोचिंग सेंटर और पीजी आवासों में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अग्नि सुरक्षा ऑडिट करवाने का फैसला दिया है। बता दें कि प्रदेश के विभिन्न शहरों में हजारों-लाखों की संख्या में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु विद्यार्थी कोचिंग संस्थानों में आते हैं।
प्रदेश में लगातार हो रही तापमान में बढ़ोतरी के बीच बढ़ रही आगजनी की घटनाओं को देखते हुए सरकार ने अग्नि सुरक्षा ऑडिट करवाने का फैसला लिया है। बता दें कि हाल ही में उत्तर प्रदेश राज्य की राजधानी लखनऊ में एक कोचिंग संस्थान में आग लगने के कारण कई बच्चों की जान चली गई थी।
Haryana News औद्योगिक इकाइयों, व्यावसायिक भवनों सहित अन्य संवेदनशील प्रतिष्ठानों का भी कराया जाएगा अग्नि सुरक्षा ऑडिट
हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी ने बताया कि प्रदेश के सभी शहरों में कोचिंग संस्थानों और पीजी आवासों सहित सभी औद्योगिक इकाइयों, व्यावसायिक भवनों सहित अन्य संवेदनशील प्रतिष्ठानों का अग्नि सुरक्षा ऑडिट कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्तों को अपने-अपने जिलों में बच्चों और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अग्नि सुरक्षा की दृष्टि से कोचिंग संस्थानों और होटलों व पीजी आवासों सहित संवेदनशील एवं अधिक भीड़भाड़ वाले प्रतिष्ठानों की व्यापक पहचान करने और निरीक्षण अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
हरियाणा सरकार ने इस अभियान के तहत निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करते हुए कमियां पाए जाने पर उपायुक्तों को तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के आदेश जारी किए हैं। सरकार के इस फैसले के बाद प्रदेश के विभिन्न शहरों में स्थित कोचिंग सेंटर मालिकों और होटल मालिकों के माथे पर चिंता की लकीरें पड़ गई हैं।

