Jind Crime Breaking News : जींद पुलिस ने ढाबा संचालक से 10 हजार रुपये का हफ्ता मांगने व देने से मना करने पर तोड़फोड़ करने के दो आरोपितों को जींद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पहले ढाबे में पहुंचकर व्यापारी के तौर पर पहुंचान बताई और उसके बाद हफ्ता की डिमांड की।
सफीदों शहर थाना पुलिस ने हफ्ता वसूली, जान से मारने की धमकी व लाखों रुपये की तोड़फोड़ करने का केस दर्ज किया था। अब पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
Jind के सफीदों में इस तरह आरोपियों ने दिया घटना को अंजाम
एवीटी स्टाफ जींद के इंचार्ज उप निरीक्षक यशवीर सिंह ने बताया कि सफीदों के रड्डा मोहल्ला निवासी सुभम सैनी ने सफीदों शहर थाना पुलिस को शिकायत दी थी कि उसका पानीपत-सफीदों रोड पर “बादल सैनी ढाबा” बनाया हुआ है।
इसी दौरान उनके ढाबे पर काले रंग की बिना नंबर की गाड़ी ढाबे पर पहुंची। गाड़ी से उतरे तपन ने स्वयं को सफीदों मंडी का व्यापारी बताते हुए ढाबा संचालक से प्रति सप्ताह 10,000 हफ्ता देने की मांग की।
जब शिकायतकर्ता ने हफ्ता देने से मना किया तो आरोपी ने गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी। इसके कुछ समय बाद आरोपी अपने 6-7 साथियों के साथ लाठी, लोहे की रॉड, गंडासी तथा अन्य हथियारों से लैस होकर दोबारा ढाबे पर पहुंचे।
आरोपियों ने वहां मौजूद ग्राहकों को डराकर भगा दिया तथा ढाबे में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान ढाबे में लगी एलईडी टीवी, सीसीटीवी कैमरे, फर्नीचर, शीशे व अन्य सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिससे काफी नुकसान हुआ। जाते समय आरोपियों ने शिकायतकर्ता को दोबारा हफ्ता न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना की सूचना तत्काल डायल-112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना शहर सफीदों में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगामी जांच एवीटी स्टाफ जींद को सौंपी गई ।
एवीटी स्टाफ jindएवं थाना शहर सफीदों की टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी गांव कुरड़ निवासी तपन व गांव ऐचरां खुर्द निवासी गोवर्धन उर्फ बंटी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से वारदात में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ कर रही है।
जींद पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने कहा कि जींद पुलिस संगठित अपराध, रंगदारी, हफ्ता वसूली तथा आमजन में भय का वातावरण पैदा करने वाले अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है। कानून व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।

