NHRC inspection of Jind Civil Hospital, HaryanaNHRC inspection of Jind Civil Hospital, Haryana

न्यू सीरिज न्यूज, जींद। हरियाणा के जींद में जिला मुख्यालय पर स्थित सिविल अस्पताल में एनएचआरसी के निरीक्षण के बाद (NHRC Inspection) मरीजों को हो रही असुविधा पर राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग ने सख्त टिप्पणी की है। सिविल अस्पताल में गंभीर स्तर की खामियां मिली हैं।

बता दें कि राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग (NHRC) के विशेष मानिटर बाल कृष्ण गोयल ने बुधवार को नागरिक अस्पताल का निरीक्षण किया था। विशेष मानिटर बाल कृष्ण गोयल ने निरीक्षण के बाद कहा कि नागरिक अस्पताल में मानव अधिकारों का उल्लंघन हो रहा है। इसके लिए सिविल सर्जन से बातचीत की है ताकि भविष्य में ऐसा नहीं हो। उन्होंने कहा कि वह इसकी रिपोर्ट बनाकर राज्य सरकार व स्वास्थ्य सेवाएं महानिदेशक को भेजेंगे।

NHRC inspection of Jind Civil Hospital, Haryana
NHRC inspection of Jind Civil Hospital, Haryana

बाल कृष्ण गोयल ने सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड, आइपीडी, रजिस्ट्रेशन खिड़की, दवाई खिड़की, गायनी वार्ड के साथ-साथ सभी विभागों का निरीक्षण किया। आइपीडी में दाखिल मरीजों का हाल देखकर गोयल ने कहा कि यहां पर पहले से ही मरीज हैं, ऊपर से इतनी गर्मी में पंखें गर्म हवा फेंक रहे हैं।

इतनी गर्मी में यह लोग और ज्यादा बीमार हो जाएंगे। इनके लिए कूलर का इंतजाम भी नहीं है। गोयल ने कहा कि यह एक प्रकार से मानवाधिकारों का उल्लंघन है। इस पर सिविल सर्जन ने कहा कि वार्डों में कूलर का इंतजाम करवा दिया जाएगा।

यह खबर भी पढ़ें : New rules : देश में 1 जुलाई से आधार कार्ड, क्रेडिट कार्ड और पासपोर्ट सहित 10 नियम बदले

NHRC Inspection में अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं मिलना भी मानवाधिकारों का उल्लंघन

बाल कृष्ण गोयल ने कहा कि अस्पताल में मरीजों को अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं मिलना भी मानवाधिकारों का उल्लंघन है। यहां अल्ट्रसाउंड मशीन होने के बावजूद सुविधा नहीं मिलना गलत है। सिविल सर्जन डा. सुमन कोहली ने कहा कि उन्होंने रेडियोलाजिस्ट की मांग के लिए कई बार स्वास्थ्य सेवाएं महानिदेशक को पत्र लिखे हैं। इस पर गोयल ने तुरंत स्वास्थ्य सेवाएं महानिदेशक से बात की और जल्द अस्पताल में रेडियोलाजिस्ट उपलब्ध करवाने को कहा। वहीं अस्पताल में मौजूद एक चिकित्सक को यह काम सीखने के लिए भी कहा।

NHRC Inspection : बुजुर्गों को ऊपर-नीचे परेशान करना भी उनके अधिकारों का उल्लंघन

नागरिक अस्पताल के वार्डों में दूसरे तल पर दाखिल एक मरीज जब नीचे जा रहा था तो बाल कृष्ण गोयल ने उनसे बातचीत की। इस पर बुजुर्ग ने कहा कि वह नीचे जाकर जांच के लिए सैंपल देगा। इस पर नाराज होते हुए गोयल ने कहा कि इस प्रकार बुजुर्गों को ऊपर-नीचे भटकाना मानवाधिकारों का उल्लंघन है। इस पर उन्होंने सिविल सर्जन से बुजुर्गों के लिए उनके दाखिल स्थान से ही सैंपल लेने को कहा।

यह खबर भी पढ़ें : जींद जिले में 25 करोड़ रुपये की लागत से बने 42 अमृत सरोवरों, विधायक ने किया उद्घाटन

आरओ खराब, पीने का नहीं साफ पानी

वार्डों का जब विशेष मानिटर ने निरीक्षण किया तो यहां पीने का साफ पानी नहीं मिला। यहां पर रखा आरओ खराब मिला। इस पर उन्होंने सख्ती दिखाते हुए कहा कि बीमार लोगों को पीने का पानी भी साफ नहीं मिल रहा, तो वह कैसे ठीक होंगे। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को मरीजों के लिए पीने का साफ पानी उपलब्ध करवाने को कहा।

NHRC inspection of Jind Civil Hospital, Haryana
NHRC inspection of Jind Civil Hospital, Haryana

तीन साल से नहीं मिला कर्मचारी को वेतन

नागरिक अस्पताल में स्थित वन स्टाप सेंटर में कार्यरत मोतीलाल नामक एक कर्मचारी ने कहा कि उसे तीन साल से सैलरी नहीं मिली है। इस पर बाल कृष्ण गोयल ने कहा कि यह मानवाधिकारों का बड़ा उल्लंघन है। किसी व्यक्ति को तीन साल से वेतन नहीं मिलना, उसे मानसिक व शारीरिक पीड़ा देता है। गोयल इसके लिए डीसी डा. वैशाली शर्मा से फोन पर बातचीत करके मामले को देखने के लिए कहा।

NHRC Inspection : एंटी रेबीज इंजेक्शन की खपत ज्यादा

नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन जानवरों के कटाने से आने वाले आठ से दस मामलों पर उन्होंने असंतोष जताते हुए कहा कि इतनी संख्या में एंटी रेबीज इंजेक्शन की खपत चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि इसके लिए जिला प्रशासन व नगर परिषद को मिलकर कुत्तों व बंदरों की रोकथाम करनी चाहिए। इसके लिए ठोस उपाय करने की जरूरत है।

जिले में दो दिन कई स्थानों पर निरीक्षण किया है। अस्पताल में भी काफी कमियां मिली हैं, जहां मानव अधिकारों का उल्लंघन हो रहा है। एक-एक प्वाइंट की रिपोर्ट बनाकर राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष को सौंपी जाएगी। अध्यक्ष इसे राज्य सरकार का भेजेंगे। उम्मीद है जल्द ही सुधार हो जाएगा।
–बाल कृष्ण गोयल, राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के विशेष मानिटर

By Pardeep kaushik

प्रदीप कौशिक सीनियर पत्रकार हैं। इन्हें पंजाब केसरी, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, दैनिक भास्कर डिजिटल न्यूज पेपर में काम करने का 10 साल का अनुभव है। हरियाणा की खबरों विशेषकर मौसम, रोडवेज, हेल्थ, रेलवे की खबरों पर प्रदीप कौशिक की मजबूत पकड़ है। सभी खबरें तथ्यों पर आधारित होती हैं।