न्यू सीरिज न्यूज (Higher Education) : हरियाणा के सरकारी और गैर सरकारी कॉलेजों में दाखिले को लेकर आवेदन के लिए विद्यार्थियों के पास एक सप्ताह का समय बचा है। इसी बीच हायर एजुकेशन डिपार्टमेंट ने मेरिट लिस्ट को लेकर नया शेड्यूल जारी किया है। ओटीपी के आधार पर विद्यार्थी एक जुलाई तक विद्यार्थी आवेदन में बदलाव कर सकते हैं। इसके बाद दो जुलाई को जिन विद्यार्थियों के आवेदनों में कोई त्रुटि होगी, उनकी सूची जारी की जाएगी।
वहीं कालेजों में दाखिला कमेटी द्वारा दस्तावेजों का सत्यापन और विद्यार्थियों की लाग इन आइडी से त्रुटि हटाने का कार्य छह जुलाई तक होगा। आठ जुलाई को मेरिट लिस्ट को लेकर पात्र विद्यार्थियों की सूची जारी होगी। इसके बाद नौ जुलाई को पहली प्रोविजनल लिस्ट तो 10 जुलाई को फाइनल मेरिट लिस्ट जारी होगी।
जिन विद्यार्थियों का नाम पहली मेरिट लिस्ट में आएगा, उनके पास 11 से लेकर 15 जुलाई तक फीस जमा करवाने का समय रहेगा। इसके बाद खाली बची सीटों पर दाखिले के लिए 16 जुलाई को प्रोविजनल और 17 जुलाई को दूसरी फाइनल मेरिट लिस्ट जारी होगी।

Higher Education का पोर्टल 24 जुलाई को फिर खुलेगा
जिन विद्यार्थियों का नाम दूसरी मेरिट लिस्ट में आएगा, उनके पास 18 से 22 जुलाई तक फीस जमा करवाने का समय रहेगा। इसके बाद भी अगर कालेजों में विभिन्न संकायों में सीट खाली रह जाती हैं तो उन पर फिजिकल काउंसिलिंग के तहत दाखिले होंगे। 24 जुलाई को दोबारा से उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा पोर्टल खोला जाएगा, जिसमें विद्यार्थी रजिस्ट्रेशन व पहले वाले आवेदनों में बदलाव कर सकते हैं।
25 से 31 जुलाई तक खाली सीटों पर 100 रुपये लेट फीस के साथ दाखिले होंगे। अगर 31 जुलाई तक चली फिजिकल काउंसिलिंग के बाद भी कालेजों में सीट खाली रह जाती हैं तो एक से सात अगस्त तक पहले वाले 100 रुपये और हर रोज 100 रुपये लेट फीस के साथ दाखिले होंगे।

Higher Education में दाखिले को जींद में 11 हजार सीटें
इस बार जिले में 12वीं कक्षा में 15 हजार से अधिक विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं, जबकि जिले के विभिन्न राजकीय व निजी कालेजों के साथ-साथ चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में यूजी कोर्स में लगभग साढ़े 11 हजार सीट हैं। ऐसे में दाखिले को लेकर मारामारी रहेगी। शहर के राजकीय पीजी व राजकीय महिला कालेज दाखिले के लिए विद्यार्थियों की पहली पसंद रहते हैं। राजकीय पीजी कालेज में अलग-अगल 13 संकायों में 2600 और राजकीय महिला कालेज के नौ संकायों में 1461 आवेदन आ चुके हैं।
Higher Education के यूजी कोर्स में मेरिट लिस्ट को लेकर आया नया शेड्यूल
जींद के राजकीय कॉलेज के प्रिंसीपल डॉ. सत्यवान मलिक ने बताया कि यूजी कोर्स में मेरिट लिस्ट को लेकर उच्चतर शिक्षा विभाग ने नया शेड्यूल जारी किया है। अब 10 जुलाई को पहली मेरिट लिस्ट लगेगी। जिन विद्यार्थियों का नाम मेरिट लिस्ट में आएगा, उनके पास 11 से 15 जुलाई तक फीस जमा करवाने का समय रहेगा। वहीं 30 जून तक आनलाइन आवेदन होने हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को चाहिए कि वे अपने पसंदीदा संकाय में आवेदन करें।

