न्यू सीरिज न्यूज, हिसार। हरियाणा के हिसार जिले में (Hisar news) बनभौरी मार्ग स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HP) के जिले सिंह एनर्जी पावर स्टेशन नामक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल में मिलावट की शिकायत मिलने के बाद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने पेट्रोल पंप की दो नोजल मशीनों को सील कर दिया है तथा पेट्रोल के सैंपल लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं।
स्थानीय ग्रामीणों नरेश, विक्की, सुमेर, जोगेंद्र, यशपाल, कुलदीप के अनुसार, पेट्रोल पंप से ईंधन भरवाने के तुरंत बाद बाइक, कार और ट्रैक्टर समेत कई वाहन रास्ते में बंद हो गए। ग्रामीणों का आरोप है कि पेट्रोल में पानी या अन्य पदार्थ मिला हुआ था, जिसके कारण वाहनों में तकनीकी दिक्कतें आईं।
गांव छान निवासी मास्टर राज कुमार ने अपनी कार में इसी पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाया था। कुछ दूरी तय करने के बाद कार बंद हो गई। इसी तरह की कई शिकायतें सामने आने के बाद बड़ी संख्या में वाहन चालक पेट्रोल पंप पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
Hisar news : शिकायत मिलते ही विभाग ने की कार्रवाई
शिकायत मिलने पर जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक अमित खेवालिया तथा सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी प्रेम सिंह के नेतृत्व में विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान संबंधित पेट्रोल डिस्पेंसिंग मशीन की दो नोजल मशीनों को सील कर दिया गया। विभाग ने पेट्रोल के नमूने एकत्र कर उन्हें लैब में जांच के लिए भेज दिया है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि पेट्रोल में पानी या किसी अन्य पदार्थ की मिलावट हुई थी या नहीं।
Hisar news : रिपोर्ट आने के बाद होगी सख्त कार्रवाई
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। यदि जांच में पेट्रोल में पानी या किसी अन्य पदार्थ की मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, पेट्रोल पंप पर कुल दो मशीनें और आठ नोजल हैं। फिलहाल शिकायत केवल पेट्रोल से संबंधित नोजल को लेकर मिली थी, इसलिए उसी मशीन को सील किया गया है।
यह खबर भी पढ़ें : केंद्र सरकार ने गैस सिलेंडर कीमत में 183.50 रुपये किए कम, महंगाई की रफ्तार पर लगेगी लगाम
Hisar news : ग्राहकों ने किया हंगामा, वापस कराए पैसे
कार्रवाई के दौरान पेट्रोल पंप पर पुलिस भी मौजूद रही। बड़ी संख्या में पहुंचे वाहन चालकों ने खराब पेट्रोल से हुए नुकसान को लेकर विरोध जताया और अपने पैसे वापस करने की मांग की। स्थिति को देखते हुए पेट्रोल पंप संचालक ने प्रभावित ग्राहकों को पेट्रोल की राशि लौटाई तथा खराब हुए वाहनों की जांच के लिए मैकेनिक भी बुलवाए।
अब पूरे मामले में सभी की नजर लैब रिपोर्ट पर टिकी हुई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि पेट्रोल में पानी या अन्य पदार्थ की मिलावट हुई थी या नहीं, और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।

