न्यू सीरिज न्यूज, नोएडा
New Elevated Expressway : उत्तर प्रदेश के जेवर में बने नए एयरपोर्ट को दिल्ली से जोड़ने के लिए बनने वाले हाईवे में बड़ा बदलाव होगा। पहले जहां इसके लिए यमुना नदी के किनारे हाईवे बनाने की योजना थी, वहीं अब इसको बदलकर नया प्लान तैयार किया गया है। नया बनने वाला यह रास्ता लोगों के लिए अधिक सुगम तो होगा ही, इसके रास्ते में आने वाले क्षेत्रों को भी लाभ होगा।
दरअसल पहले नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए दिल्ली से यमुना नदी के किनारे पर रोड बनाने की योजना थी। इसमें हुए बदलाव से दिल्ली के लोग आसानी से नोएडा एयरपोर्ट तक तो पहुंच ही सकेंगे, साथ ही इससे आसपास के भारी यातायात को भी नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। यहां पर 8 लेन का हाईवे बनेगा, जो एलिवेटेड एक्सप्रेसवे होगा।
New Elevated Expressway यह होगा नया रूट
इस परियोजना के तहत बनने वाला नया रोड अब नोएडा डीएनडी फ्लाईवे से शुरू होगा। यहां यमुना तटबंध के साथ-साथ 8 मार्गीय एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा। डीएनडी फ्लाइवे से शुरू होकर यह रोड जो गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी के पास घरबरा को सीधा जोड़ेगा। इसके बाद इसको यमुना एक्सप्रेसवे से कनेक्ट कर एयरपोर्ट के लिए सीधा रास्ता तैयार किया जाएगा।
यह हुआ है बदलाव
हालांकि इससे पहले योजना थी कि यमुना के तटबंध पर ही रोड बना दिया जाए। योजना के स्तर पर कार्य भी शुरू हो गया था, लेकिन परियोजना के लिए उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग से NOC नहीं मिल पाई। ऐसे में अब यमुना तटबंध के ऊपर से रोड बनाने की बजाए इसके समांतर करीब 35 किलाेमीटर लंबा एलिवेटेड एक्सप्रेसवे (New Elevated Expressway) बनाने की योजना तैयार की गई है।
एनएचएआई के हाथ परियोजना
यह परियोजना भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण यानी NHAI द्वारा तैयार की जाएगी। इस परियोजना के तहत दिल्ली के डीएनडी फ्लाईवे से शुरू होकर यमुना एक्सप्रेसवे तक बनने वाले 8 लेन के नए एलिवेटेड हाईवे को 2 मौजूदा सड़कों को जोड़ने की योजना है। यानी इससे स्थानीय लोगों को भी लाभ होगा और दिल्ली से नोएडा एयरपोर्ट जाने वालों पर भी राहत मिलेगी।
उत्तर प्रदेश का यह क्षेत्र भी बनेगा बड़ा कनेक्टिविटी हब
इस परियोजना के पूरा होने से उत्तर प्रदेश का चिल्ला-मयूर विहार भी बड़ा कनेक्टिविटी हब बन जाएगा। क्योंकि
इसका मुख्य लिंक चिल्ला रेगुलेटर मयूर विहार होने वाला है। इसके बाद यह सड़क उत्तर प्रदेश के घरबरा गांव तक जाएगी। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में इस क्षेत्र को भी काफी लाभ होगा।
दिल्ली एनसीआर के लिए लाइफ लाइन बनेगा यह रोड
विशेषज्ञों की मानें तो यमुना के किनारे पर बनने वाला यह एलिवेटेड एक्सप्रेसवे दिल्ली और एनसीआर के लिए लाइफ लाइन बनने वाला है। क्योंकि आसपास के क्षेत्र को इससे काफी लाभ होगा। क्योंकि इस मार्ग के बनने से नोएडा-ग्रेटर नोएडा से सीधा एयरपोर्ट तक की पहुंच तो हो जी जाएगी।
इसके अलावा एनसीआर के क्षेत्र बदरपुर व फरीदाबाद के साथ दिल्ली के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों से भी लोग आसानी से पहुंच सकेंगे। इस मार्ग के बनने से इन क्षेत्रों से आने वाले लोगों को नोएडा शहर में जाने की जरूरत नहीं रहेगी। वे सीधे ही एयरपोर्ट जा सकेंगे।
उत्तर प्रदेश के आगरा, मथुरा, कानपुर, लखनऊ, ग्वालियर, झांसी की ओर जाने वालों को भी आसान व सुगम रास्ता मिल पाएगा। क्योंकि अभी इन रूट पर जाने वाले वाहन चालकों को ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर लगने वाले जाम से परेशान होना पड़ता है।
यह भी पढ़ें : हाइड्रोजन ट्रेन की बढ़ेगी स्पीड, अब 85 नहीं 120 किमी प्रति घंटा की स्पीड से दौड़ेगी
फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार
नोएडा एयरपोर्ट शुरू होने के कारण इस हाईवे को तैयार करने के लिए बहुत ही तेजी से कार्य चल रहा है। इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार की जा चुकी है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि जैसे ही इस रोड का निर्माण पूरा होगा, इससे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए दिल्ली-एनीसआर को काफी सुविधा मिल जाएगी।

